बिहटा : पटना से सटे बिहटा रेलवे स्टेशन के सब्जी बाजार के समीप एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को पेड़ के पास पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उसके साथ लाठी से मारपीट करते हुए भी कुछ लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ किए जा रहे दावे के अनुसार, ट्रेन के गेट पर बैठे एक युवक से मोबाइल छीनने के बाद भाग रहे एक संदिग्ध को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में मौके पर लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो कब का है, घटना में शामिल लोग कौन हैं और मोबाइल छीनने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है
हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, घटना में शामिल लोग कौन हैं और मोबाइल छीनने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो वायरल होने के बाद स्टेशन और आसपास के इलाके में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन के गेट पर खड़े होकर मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के साथ झपटमारी का खतरा बना रहता है। यात्रियों ने स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस तरह की घटना की सूचना से इंनकार किया है।
बिहटा से मंयक सिंह की रिपोर्ट