पटना: फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर के जौहर वाले बयान के बाद अब राजधानी में भी उनके खिलाफ प्रदर्शन होना शुरू हो गया है। राजधानी के डाक बंगला चौराहे पर दर्जनों की संख्या में आये लोगों ने स्वरा भास्कर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके पोस्टर पर कालिख पोत दिया।
फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर के बयान के बाद से उनका विरोध बढता जा रहा है। एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर उनके बयान के बाद तरह तरह के कमेंट सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अब बिहार में भी उनके बयान के बाद प्रतिक्रिया सामने आ रही है। गुरुवार को राजधानी के डाक बंगला चौराहे पर कई महिला संगठनों के साथ अन्य संगठनों के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इन सभी ने अपने हाथों में स्वरा भास्कर की तस्वीरों को थामा हुआ था। इन सभी ने स्वरा के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। इनका कहना था कि जौहर और रानी पद्मावती के खिलाफ जो बयान स्वरा ने दिया वह स्वीकार्य नहीं है। स्वरा ने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड किया है। स्वरा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान लोगों ने स्वरा के पोस्टर पर कालिख पोता।
प्रदर्शन में शामिल कई महिला संगठन ने साफ-साफ कहा है कि जब तक स्वरा भास्कर माफी नहीं मांगती है, तब तक वह उसके खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इन लोगों ने केंद्र सरकार से उनको गिरफ्तार कर जेल भेजने की भी मांग की।