राज्य में दो दो डिप्टी सीएम लेकिन किसी के पास लोगों के आंसू पोछने का वक्त नहीं: तेजस्वी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर सीधा निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में दो दो डिप्टी सीएम हैं लेकिन किसी के पास लोगों के आंसू पोछने का वक्त नहीं है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर सीधा निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में दो दो डिप्टी सीएम हैं लेकिन किसी के पास लोगों के आंसू पोछने का वक्त नहीं है। तेजस्वी ने यह बातें गुरूवार को राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। इस दौरान पार्टी के अन्य कई बडे नेता उपस्थित थे।

तेजस्वी यादव ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजधानी में कुछ दिन पहले घटी बंटी यादव हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह बंटी यादव ने सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाई और बाद में उनकी हत्या कर दी गई, उस घटना को पूरे प्रदेश ने देखा। इस मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात के दौरान हमने उन्हें भरोसा दिलाया था कि न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में डीजीपी और एसपी से बातचीत की गई है। दो दिन पहले पार्टी नेताओं के साथ डीजीपी से समय लेकर बंटी यादव के परिवार की मुलाकात भी कराई गई। मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि कुछ अपराधी अभी भी फरार हैं। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि बंटी यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल ने उनकी पत्नी को आश्वस्त किया है कि उनके दोनों बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च कक्षा 12वीं तक पार्टी उठाएगी। इस संबंध में बंटी यादव की पत्नी को आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा जाएगा।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि भविष्य में उच्च शिक्षा और अन्य शैक्षणिक जरूरतों के लिए भी राष्ट्रीय जनता दल परिवार के साथ खड़ा रहेगा। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि मामले से जुड़े सभी लोगों, चाहे वे अपराधी हों या मामले को दबाने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी, सभी की निष्पक्ष जांच हो और पूरे प्रकरण की सख्त मॉनिटरिंग की जाए। इस दौरान बंटी यादव की पत्नी को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। राजद ने यह मांग भी उठाई कि सरकार उन्हें सरकारी नौकरी उपलब्ध कराए, और इस मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में दो दो उपमुख्यमंत्री है लेकिन किसी के पास लोगों के आंसू पोछने का समय नहीं है। दिनारा में मजदूरी मांगने पर मजदूर की हत्या कर दी गई। परसों हम पीड़ित परिवार से मिलने दिनारा जाएंगे। बिहार में हर जगह गोलियां चल रही है। डेहरी में हुए हत्याकांड का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बीते दिनों कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या में दोषी विधायक सोनू सिंह को सरकार बचाने में लगी है। बिहार में अपनी लड़ाई लड़ने पर छात्रों को एके 47 से गोली मार दी जाती है और दोषियों को बचाया जाता है। दोषी विधायक का एनकाउंटर क्यों नहीं हो रहा है?