राज्य में मौसम अपनी अलग ही चाल चल रहा है। एक तरफ जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों का जीवन दुश्वार बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ राज्य के कई ऐसे जिले हैं, जहां बारिश की बौछारें भी पड रही हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को राजधानी के साथ मुजफ्फरपुर और पश्चिमी चंपारण के अलावा अन्य जिलों में हल्की बारिश की बूंदे भी पड़ी हैं। जिससे लोगों को थोड़ी देर के लिए ही सही भीषण गर्मी से राहत मिली है।
राज्य में एक तरफ जहां दक्षिण बिहार के कई जिलों में हिट वेव के आसार बने हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तरी बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी के साथ-साथ मध्यम दर्जे की बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज उत्तर बिहार के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बारिश के साथ हवा और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य के सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, शेखपुरा, अरवल, सासाराम और औरंगाबाद जिले में जहां पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में वृद्धि हुई है। वहीं दूसरी तरफ राजधानी समेत जहानाबाद, नालंदा, गया, कैमूर, बक्सर, सारण, वैशाली, मोतिहारी, सिवान, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, मधुबनी, मधेपुरा और अररिया में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य के मौसम में बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं और स्थानीय मौसमी परिस्थितियां हैं। राज्य के मौसम में अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार उतार चढ़ाव जारी रह सकता है। हालांकि यह भी संभावना जताई गई है कि रविवार के बाद से राज्य में मानसून और मजबूत हो सकता है और अच्छी बारिश हो सकती है।