पटना : बिहार में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास पर रहे व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत पूरा किया। आम लोगों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों तक ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान भास्कर की आराधना की। सीएम सम्राट चौधरी ने मुंगेर में उगते हुए सूर्य का अर्घ्य दिया।
राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही
राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। महापर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद सजाकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की
अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह जिले मुंगेर के लखनपुर स्थित छठ घाट पर भगवान सूर्य की आराधना की। उन्होंने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पहले रविवार शाम प्रदेशभर में व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया था।
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए 4 दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना हुआ
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना हुआ। इसके बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर महापर्व का समापन किया। छठ को लेकर राजधानी पटना में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक साफ-सफाई और सजावट की गई थी। कई स्थानों पर तोरणद्वार बनाए गए, जबकि पूजा समितियों की ओर से आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई थी। गंगा घाटों से लेकर मोहल्लों के तालाबों तक छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
पटना में 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी व अस्थायी तालाब घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया था - जिला प्रशासन
जिला प्रशासन के अनुसार, पटना में 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी एवं अस्थायी तालाब घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया था। दानापुर से पटना सिटी तक श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से 13 घाटों को खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया था। अन्य घाटों पर नागरिक सुविधाओं के साथ सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। छठ महापर्व के संपन्न होने के साथ ही बिहार में चार दिनों से जारी भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है।
CM सम्राट ने कहा- उदीयमान सूर्यदेव को प्रणाम
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्विट किया और लिखा कि उदीयमान सूर्यदेव को प्रणाम। तारापुर में छठ महापर्व के अंतिम अनुष्ठान दिवस पर उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। जय छठी मईया!
सोर्स-आईएएनएस