गन्ना उद्योग विभाग ने लॉन्च किए 2 पोर्टल, अब किसानों को मिलेगा पहचान पत्र

बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी पहल की गई है। गन्ना उद्योग विभाग की ओर से आज 'गन्ना साथी' AI चैटबॉट और ‘गन्ना किसान पहचान पत्र’ पोर्टल लॉन्च किया गया।

पटना : बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी पहल की गई है। गन्ना उद्योग विभाग की ओर से मंत्री संजय पासवान ने आज 'गन्ना साथी' AI चैटबॉट और ‘गन्ना किसान पहचान पत्र’ पोर्टल लॉन्च किया गया। इन दोनों डिजिटल सुविधाओं के जरिए किसानों को गन्ने की खेती, फसल और विभागीय योजनाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। विभाग के मुताबिक, बिहार देश का पहला राज्य बना है जहां इस तरह की डिजिटल सुविधा के साथ गन्ना किसानों को पहचान पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक करीब ढाई लाख किसानों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

गन्ना किसानों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बिहार सरकार ने नई पहल की है - मंत्री संजय पासवान

गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान ने कहा कि गन्ना किसानों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बिहार सरकार ने नई पहल की है। गन्ना उद्योग विभाग ने दो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए हैं। इनमें पहला है ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट, जिसके जरिए किसान गन्ने की फसल से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। वहीं दूसरा है गन्ना किसान पहचान पत्र पोर्टल, जिसके माध्यम से किसानों की पहचान और उनसे जुड़ी जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज किया जाएगा। विभाग का दावा है कि इस पहल से किसानों को विभागीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। खास बात यह है कि अबतक करीब 2.5 लाख किसान रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।