पटना: राज्य में आयी भीषण बाढ़ के कारण बडी आबादी इसकी चपेट में है। पूरे प्रदेश के कई जिलों में बाढ के कारण आम जन जीवन पर सीधा असर पडा है। इसके अलावा बडी संख्या में कृषि पर बाढ का असर पडा है। कृषि और कृषकों के हितों को ध्यान में रखकर केंद्र व राज्य सरकार की तरफ से कई कदम भी उठाये जा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने की कोशिश की। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी के अलावा जिले के तमाम बडे अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों का हाल लेने की वीडियो को शेयर किया। इस मौके पर शिवराज स्थानीय लोगों की फसलों को सीएम के साथ देखते हुए नजर आये। इसके बाद उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के घर पर जाकर उनके हालचाल को जानने की कोशिश की। इस मौके पर शिवराज ने ग्रामीणों को यह विश्वास दिलाया कि आपदा की इस घडी में केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह से उनके साथ खडी है। मुलाकात के क्रम में शिवराज ग्रामीणों से पूरी आत्मियता से मिलते हुए नजर आये।
बता दें कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने सीएम सम्राट चौधरी के साथ राजधानी के साथ भागलपुर, वैशाली और अन्य कई जिलों का दौरा किया और बाढ से कृषि को पहुंचे नुकसान के बारे में जानने की कोशिश की। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है।