शादी में पसरा मातम, स्कॉर्पियो हाइवा से टकराई, दूल्हे की चचेरी बहन समेत चार की मौत, 6 घायल

शादी समारोह से लौटने के दौरान भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में बारात सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर आई थी। तभी लौटने के दौरान सुबह लगभग पांच बजे सबनीमा गांव के समीप फोरलेन पर हादसा हुआ।

बाढ़/बख्तियारपुर:  शादी समारोह से लौटने के दौरान भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में बारात सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर आई थी। तभी लौटने के दौरान सुबह लगभग पांच बजे सबनीमा गांव के समीप फोरलेन पर हादसा हुआ। शादी समारोह के बाद स्कॉर्पियो में सवार होकर आठ लोग वापस लौट रहे थे। वाहन में महिलाएं और बच्चियां भी थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घायल को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतका पूनम कुमारी की मां ने कहा कि उसकी बेटी बारात गई थी और लौटने के दौरान हादसे में उसकी मौत हो गई, पूनम सिकंदरा गांव की रहने वाली थी और उसी के रिश्ते में बड़े भाई की शादी हो रही थी।

मृतक धीरज की मां ने कहा कि वह प्रोफेशनल ड्राइवर नहीं था, उसने हाल ही में तीस हजार रुपए की किताब मंगाई थी वह पढ़ाई कर रहा था। कल उसे बारात में स्कॉर्पियो चलने के लिए लेकर गए थे वह अकेला भाई था वह बाढ़ के अकबरपुर गांव का रहने वाला था।

अथमल गोला थाना के एस आई अंजनी कुमार ने बताया कि यह घटना जगन्नाथ पेट्रोल पंप सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर हुई है, यह घटना सुबह लगभग 5:00 बजे की है। स्कॉर्पियो पर 10 से 12 लोग सवार थे जिसमें तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं एक को अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना में 6 घायलों में से कुछ को पटना रेफर किया गया है वहीं कुछ बख्तियारपुर सीएचसी में इलाजरत्त है। मृतकों की पहचान ड्राइवर धीरज कुमार (26), दूल्हे की चचेरी बहन पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18), रेणू कुमारी (20) के तौर पर हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट