पटना: भाजपा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जमुई की शर्मनाक घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। महिला सुरक्षा के मामले में एनडीए सरकार की नीति स्पष्ट है, कोई ढिलाई नहीं और कोई समझौता नहीं।
उन्होंने कहा कि जमुई की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। हमारी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्य आरोपी पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में घायल होने के बाद कानून की गिरफ्त में है। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने का काम किया है। सरावगी ने कहा कि बिहार में कानून का राज है और आगे भी कायम रहेगा। अपराधी कोई भी हो, कानून से भागने का प्रयास करेगा तो पुलिस उसे ढूंढकर कानून के दायरे में लाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक अपराधी के विरुद्ध निष्पक्ष जाँच और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार महिला सुरक्षा, नागरिकों के सम्मान और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। माँ-बहनों और बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। किसी भी अपराधी को उसके राजनीतिक, सामाजिक या अन्य प्रभाव के आधार पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना और उसके परिवार के साथ खड़ा होना सरकार की प्राथमिकता है। घटना में शामिल सभी दोषियों की भूमिका की निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर उन्हें कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बिहार की बेटियों के सम्मान पर बुरी नजर डालने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। बिहार में सुशासन और कानून का राज कायम है और रहेगा।