रामनवमी पर बिहार में आस्था का सैलाब: महावीर मंदिर से डाक बंगला तक लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

पटना समेत पूरे बिहार में रामनवमी धूमधूम से मनाई जा रही है। सुबह से मंदिरों में लोगों की लंबी लाइन लगी है। रामनवमी पर पटना के महावीर मंदिर के पट रात 2 बजे खोले गए। इसके बाद आरती हुई।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 27, 2026, 9:47:00 AM

पटना समेत पूरे बिहार में रामनवमी का पर्व इस बार बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना के महावीर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मंदिर के पट रात 2 बजे ही खोल दिए गए थे, जिसके बाद विशेष आरती की गई। रातभर श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे। मंदिर के बाहर जीपीओ गोलंबर तक करीब 1 किलोमीटर लंबी लाइन देखने को मिली।

इस साल महावीर मंदिर में लगभग 4 लाख भक्तों के जुटने का अनुमान है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा की भी खास व्यवस्था की गई है। वहीं, राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी मंदिर में अब तक करीब 50 हजार भक्त दर्शन कर चुके हैं।

उत्तर बिहार के गरीबनाथ मंदिर में भी सुबह 5 बजे से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मधुबनी में सुबह-सुबह अस्त्र-शस्त्र के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें विहिप कार्यकर्ताओं ने तलवार लहराते हुए “जय श्रीराम” के जयकारे लगाए।

शाम होते-होते पूरे राज्य में शोभा यात्राओं का भव्य आयोजन होगा। सिर्फ राजधानी पटना में ही 52 शोभा यात्राएं निकलेंगी। इन यात्राओं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पाग और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

पटना के डाक बंगला चौराहे पर इस बार सबसे बड़ा आयोजन किया गया है, जहां से सभी शोभा यात्राएं गुजरेंगी। यहां मुख्य मंच तैयार किया गया है और आयोजकों के अनुसार 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

इस मौके पर राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित कई एनडीए नेता मौजूद रहेंगे। साथ ही, रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता और सांसद अरुण गोविल और सांसद मनोज तिवारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस तरह पूरे बिहार में रामनवमी का यह पर्व आस्था, उत्साह और भव्यता का अनूठा संगम बन गया है।