पटना : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में आज यानी 13 को पटना में भी विरोध प्रदर्शन होने वाला है। सीईसी को पद से हटाने और एसआईआर प्रकिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर राजभवन मार्च का आह्वान किया गया है। इस प्रदर्शन में लेफ्ट छात्र संगठन AISA, RYA शामिल होंगे। संभावना है कि इसमें बड़ी संख्या में युवा जुटेंगे और लेफ्ट के प्रमुख नेता भी शामिल होंगे।
मार्च का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है
आपको बता दें कि मार्च का समय सुबह 11.00 बजे निर्धारित किया गया है। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान जेपी गोलंबर से मार्च शुरू करेंगे और राजभवन तक जाएंगे। प्रोटेस्टर्स राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। हालांकि, इस मार्च की अनुमति नहीं है। पटना प्रशासन ने गर्दनीबाग धरना स्थल पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी है।
'पटना की यातायात व्यवस्था का रखें ख्याल'
पटना जिला प्रशासन ने सभी संगठनों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से रखने के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का ही उपयोग करें। साथ ही, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और आम नागरिकों की सुविधा बनाए रखने में जिला प्रशासन को सहयोग करें। निर्धारित स्थल के अलावा दूसरी जगह धरना-प्रदर्शन करने, जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।