Patna University के वाणिज्य महाविद्यालय में वार्षिक खेल-कूद समारोह का शुभारंभ, इंडोर-आउटडोर स्टेडियम का उठा मुद्दा

Patna University के वाणिज्य महाविद्यालय में आज दिनांक 19 फरवरी 2026 को तीन दिवसीय वार्षिक खेल-कूद समारोह (19 से 21 फरवरी 2026) का भव्य उद्घाटन आयोजित किया गया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 19, 2026, 8:03:00 PM

Patna University के वाणिज्य महाविद्यालय में आज दिनांक 19 फरवरी 2026 को तीन दिवसीय वार्षिक खेल-कूद समारोह (19 से 21 फरवरी 2026) का भव्य उद्घाटन आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद के सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. योगेन्द्र वर्मा तथा पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि प्रो. नवल किशोर यादव ने अपने संबोधन में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुहेली मेहता द्वारा उठाई गई मांग का समर्थन करते हुए विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के विकास हेतु सदन में आवाज उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए जहाँ भी उनकी आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल-कूद में सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों का चतुर्मुखी विकास होता है, जो आज के प्रतिस्पर्धी समय की प्रमुख आवश्यकता है। प्रो. योगेन्द्र वर्मा ने खेल गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया, जबकि प्रो. अनिल कुमार ने कहा कि खेल सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अनुशासन व टीम भावना सिखाते हैं।

समारोह का उद्घाटन ध्वजारोहण एवं बैलून उड़ाकर किया गया। पहले दिन 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ की प्रारंभिक प्रतियोगिताएँ आयोजित हुईं। शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निहारिका ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अजय कुमार साह ने प्रस्तुत किया। समारोह में विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ. दीप नारायण सहित कई प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।