पटना ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, ये रूट ब्लॉक! घर से निकलने से पहले देखें रूट चार्ट नहीं तो....

मुहर्रम को लेकर राजधानी पटना के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 26 और 27 जून को शहर में ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। जिसको लेकर आज और कल दो दिन शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 26, 2026, 11:29:00 AM

मुहर्रम को लेकर राजधानी पटना के  ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 26 और 27 जून को शहर में ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। जिसको लेकर आज और कल दो दिन शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 26 और 27 जून को कई रास्तों पर ट्रैफिक का रूट बदला गया है। मुहर्रम के लिए पटना में ट्रैफिक एडवाइज़री जारी की गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले एक बार ट्रैफिक एडवाइजरी देंख लें नहीं तो दिक्कत हो सकती है।

मुहर्रम को लेकर 26 और 27 जून को ताजिया जुलूस के कारण कई रूटों पर डायवर्जन किया गया है। करगिल चौक से अशोक राजपथ होते हुए पटना सिटी जाने वाले वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। ऐसे में वैकल्पिक रास्ते के तौर पर पटना सिटी जाने वाले वाहन करगिल चौक-बाकरगंज मोड़–रामगुलाम चौक–एग्जीबिशन रोड–चिरैयाटांड़ पुल–ओल्ड बाइपास होकर जाएंगे।

जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के रास्ते भी पटना सिटी पहुंचा जा सकेगा। पटना सिटी से गांधी मैदान आने वाले वाहन अशोक राजपथ का उपयोग नहीं कर सकेंगे। ये वाहन पटना सिटी चौक–अगमकुआं–ओल्ड बाइपास या गायघाट पुल के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर होते हुए गांधी मैदान,पटना जंक्शन जाएंगे।

जीपीएम रोड, मखनिया कुआं, खजांची रोड, सब्जीबाग रोड, रमना रोड और गांधी चौराहा से अशोक राजपथ की ओर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। नौबतपुर–एम्स–फुलवारीशरीफ–अनीसाबाद मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जीरो माइल से फुलवारीशरीफ जाने वाले भारी वाहन बैलदारीचक–बिहटा-सरमेरा पथ–नौबतपुर–विक्रम होकर जाएंगे। जीरो माइल से न्यू बाइपास होकर पटना के मुख्य शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

वहीं नौबतपुर से एम्स-फुलवारीशरीफ-अनीसाबाद मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जीरो माइल से फुलवारीशरीफ आने वाले भारी वाहनों को बैलदारीचक, बिहटा-सरमेरा पथ, नौबतपुर और विक्रम होते हुए डाइवर्ट किया जाएगा। जीरो माइल से पश्चिम (न्यू बाइपास) से पटना शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

बता दें कि शहर में 11 थाना क्षेत्रों से कुल 31 जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूसों के दौरान अशोक राजपथ समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।इसके लिए सभी आयोजकों को लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं और निर्धारित रूट के अनुसार ही जुलूस निकालने की अनुमति दी गई है। सिटी एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि जुलूस मार्ग में 17 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है, जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जुलूसों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। वहीं ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर और हेलमेट से लैस रहेंगे।