पटना में भारी बवाल, बीजेपी और कांग्रेस में जमकर चले लाठी, डंडे और पत्थर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 2:25:00 PM

राजधानी पटना में प्रदर्शनकारियों छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद अब बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने आ गई है। प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेताओं और कांग्रेस के बीच जमकर पत्थरबाज़ी हुई है। पटना में सदाकत आश्रम स्‍थ‍ित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर बुधवार को प्रदर्शन करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं से कांग्रेस‍ियों की भ‍िड़ंत हो गई। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्‍दील हो गया। दोनों ओर से लाठ‍ियां चलने लगी। जमकर पथराव होने लगा। 

बीजेपी नेता कांग्रेस ऑफिस के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ओर से डंडे चले, पत्थर चलाए गए। पुलिस इस दौरान चुपचाप खड़ी नजर आई। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेता पहले से पत्थर और डंडे लेकर मारपीट के लिए तैयार बैठे थे।

बीजेपी का कहना है कि राहुल गांधी ने दुर्भावनापूर्ण मंशा के साथ पीएम आवास के सामने धरना प्रदर्शन कर हंगामा किया। कांग्रेस की ओर से देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई।कांग्रेस राजनीतिक विरोधियों के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने जैसी निंदनीय परंपरा को बढ़ावा दे रही।

दोपहर करीब दो बजे नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता सदाकत आश्रम स्‍थ‍ित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे। पहले से डटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पहले उनकी धक्‍का-मुक्‍की हुई। फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से हो रहे पथराव में करीब एक दर्जन लोग चोटिल हो गए हैं। पुलिस वहां मौजूद है लेकिन मूकदर्शक बनी हुई है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। 

इससे पहले पेपर लीक और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ आइसा समेत विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र पटना की सड़कों पर निकले। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरे छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले भी दागे गए।