राजधानी पटना के हरिश्चंद्र नगर, सिपारा इलाके से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की ओर से बेऊर थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, लापता व्यक्ति का नाम अवधेश प्रसाद बताया गया है।
परिजनों के मुताबिक, अवधेश प्रसाद 18 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे पटना सिटी जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिवार की ओर से बेऊर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि अवधेश प्रसाद की उम्र करीब 80 वर्ष, कद लगभग 5 फीट 6 इंच और रंग सांवला है। घर से निकलते समय उन्होंने हल्के/सफेद रंग की हाफ शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। उनके दाहिने हाथ पर कटे का निशान भी पहचान के रूप में बताया गया है।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर से संभावित जगहों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस से बुजुर्ग की तलाश में मदद की गुहार लगाई गई है।
परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि अवधेश प्रसाद के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल उनके परिजनों या बेऊर थाना पुलिस को इसकी सूचना दें। यदि आपको यह व्यक्ति कहीं दिखे या इसके बारे में कोई जानकारी हो, तो कृपया इस नंबर 9000000000/ 91234 56789 पर संपर्क करें।
लापता व्यक्ति की जानकारी:
नाम: अवधेश प्रसाद
उम्र: करीब 80 वर्ष
पता: हरिश्चंद्र नगर, सिपारा, पटना
कद: करीब 5 फीट 6 इंच
रंग: सांवला
पहनावा: हल्के/सफेद रंग की हाफ शर्ट और काली पैंट
पहचान: दाहिने हाथ पर कटे का निशान
घर से निकले: 18 अगस्त 2026, सुबह करीब 10:30 बजे
गंतव्य: पटना सिटी
शिकायत: बेऊर थाना, पटना