17 वर्षीय किशोरी रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, पुलिस पर बड़ा आरोप

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 20, 2026, 1:22:00 PM

पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मौर्यलोक इलाके से 17 वर्षीय किशोरी सौम्या भारती रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। सौम्या रामकृष्णा नगर की रहने वाली है और 10वीं पास करने के बाद अपने खर्च के लिए हरिनिवास की एक मोबाइल दुकान में काम करती थी। 

परिजनों के अनुसार, वह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम 7 बजे के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। 

सौम्या की मां दीपा देवी ने अपहरण की आशंका जताई है। उनका कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले कुछ युवकों ने उनके घर पहुंचकर मारपीट की थी। इस मामले में बिट्टू समेत अन्य लोगों का नाम सामने आया था। घटना की शिकायत रामकृष्णा नगर थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। 

परिजनों का आरोप है कि उसी घटना के पांच दिन बाद सौम्या लापता हो गई। सौम्या की बहन दिव्या भारती ने कहा कि पुलिस उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है। परिवार लगातार रो-रोकर बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहा है। वहीं, सौम्या के पिता बैरिया बस स्टैंड के पास फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। 

परिवार का यह भी आरोप है कि मकान मालिक घर खाली करने का दबाव बना रहा है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। वही सौम्या के परिजनों के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर कोतवाली थाने की पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से गुम हुई किशोरी के बारे में पता लगाने में जुटी है और मामले की छानबीन जारी है 

पटना से राजन की रिपोर्ट