पटना: CBI की बड़ी कार्रवाई, रेल परियोजना में घूसखोरी के आरोप में 4 गिरफ्तार, 45 लाख नकद बरामद हुए

पूर्व मध्य रेलवे निर्माण के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार को 7.79 लाख रुपए की घूस देने पहुंचे एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमि. के जीएम अनूप सिंह, सहायक महाप्रबंधक गौरव कुशवाहा, अकाउंटेंट आकाश पात्र और बिचौलिया धीरज विरमानी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 23, 2026, 1:24:00 PM

पूर्व मध्य रेलवे निर्माण के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार को 7.79 लाख रुपए की घूस देने पहुंचे एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमि. के जीएम अनूप सिंह, सहायक महाप्रबंधक गौरव कुशवाहा, अकाउंटेंट आकाश पात्र और बिचौलिया धीरज विरमानी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान 45 लाख नकद बरामद किया। सीबीआई ने चारों को महेंदू घाट रेल परिसर से उस वक्त दबोचा, जब वे बिल पास कराने के लिए अनिल कुमार को रिश्वत देने उनके महेंदू घाट स्थित कार्यालय जा रहे थे। सीबीआई ने अनिल कुमार से भी पूछताछ की।

गिरफ्तार अभियुक्तों पर आरोप है कि इन्होंने निर्माण परियोजना में किए गये निर्माण कार्यों का बिल भुगतान स्वीकृत करने के एवज में रेलवे अधिकारियों को लाखों रुपये की रिश्वत दी। बताया जाता है कि सीबीआई की एक टीम महेंद्रूघाट स्थित रेलवे कार्यालय में बुधवार से ही डटी हुई थी। छापेमारी के बाद मुख्य अभियंता सहित विभाग के कई पदाधिकारी-कर्मियों से पूछताछ की गयी। मामले में निर्माण विभाग से जुड़े कई और पदाधिकारी-कर्मी भी सीबीआई के निशाने पर हैं।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने अनूप सिंह, गौरव कुशवाहा, आकाश पात्र और धीरज विरमानी को पटना सिविल कोर्ट स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया। सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश अविनाश कुमार की अदालत में सात दिन की रिमांड की मांग की। कोर्ट ने अर्जी स्वीकार करते हुए चारों को 7 दिनों के लिए रिमांड पर भेज दिया। मामले में अनिल कुमार समेत कुल 11 को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।