पाटलिपुत्र सैटेलाइट सिटी के विरोध में मंगलवार को पटना के डाकबंगला चौराहा पर हजारों किसानों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पुनपुन, पटना, नौबतपुर, धनरुआ, फतुहा, मसौढ़ी, फुलवारी और संपतचक समेत कई क्षेत्रों से किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। किसानों की मुख्य मांग है कि उनकी बहुफसली जमीन का अधिग्रहण कर सैटेलाइट टाउनशिप नहीं बनाई जाए। घंटों चले प्रदर्शन के बाद किसानों को सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात कराने की बात कही गई।
किसानों का आरोप है कि उन्हें मुख्यमंत्री आवास की ओर ले जाने के बजाय मनेर के रास्ते पटना जिले के बिहटा प्रखंड अंतर्गत IIT अमहारा थाना लाया गया, जहां सैकड़ों किसान मौजूद हैं। संपतचक के मुखिया राजू कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री आवास ले जाने के बजाय कथित तौर पर एकतरफा निर्णय लेते हुए IIT अमहारा थाना लाकर रखा गया। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जमीन और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
मौके पर ओम सिंह पुनपुन, अजय सिंह सरपंच, मनीष पुनपुन, मुकेश कुमार फतुहा, रवि मुखिया बेहरावा, राजेश कुमार पुनपुन, विनोद सिंह चामुंचक, मनोज कुमार सिंह दौलतपुर और संजय सिंह समेत कई किसान नेता व ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने सरकार से मांग की है कि बहुफसली कृषि भूमि को सैटेलाइट टाउनशिप के लिए अधिग्रहित नहीं किया जाए और किसानों से बातचीत कर उनकी सहमति एवं हितों को ध्यान में रखते हुए कोई निर्णय लिया जाए।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट