बिहटा : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं और पर्व को लेकर वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार पवित्र स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। नहाय-खाय के दिन व्रती अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी सहित सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसी के साथ छठ व्रत का विधिवत शुभारंभ होता है।
महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है
महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सब्जियां, सूप, दउरा, बांस के सामान और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। घरों की साफ-सफाई से लेकर घाटों की व्यवस्था तक, हर जगह तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ पूजा के दूसरे दिन खरना होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। लोक आस्था, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का प्रतीक छठ महापर्व पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है।
बिहटा प्रखंड के विष्णुपुरा गांव में भी छठ पूजा की रौनक देखने को मिल रही है
इसी कड़ी में बिहटा प्रखंड के विष्णुपुरा गांव में भी छठ पूजा की रौनक देखने को मिल रही है। गांव की छठ व्रती पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना में जुट गई हैं। नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण किया और छठ व्रत का विधिवत शुभारंभ किया।
छठ महापर्व करना उनके लिए बेहद खुशी और सौभाग्य की बात है - छठ व्रती शिम्पी और रेणु
वहीं, विष्णुपुरा निवासी छठ व्रती शिम्पी देवी और रेणु देवी ने बताया कि छठ महापर्व करना उनके लिए बेहद खुशी और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि छठ का व्रत करना हर किसी के लिए आस्था और विश्वास से जुड़ा एक विशेष अनुभव है। यह व्रत बहुत ही भाग्यशाली लोगों को करने का अवसर मिलता है। हमलोग प्रत्येक वर्ष पूरी श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ छठ महापर्व मनाते हैं।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट