सुधरा मानसून, राजधानी समेत पूरे बिहार में हो सकती है बारिश

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 06, 2026, 12:24:00 PM

राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। दरअसल रविवार की शाम राजधानी में मौसम में अचानक करवट ली। राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। अब मौसम विभाग की माने तो पूरे बिहार में आगे आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के लंबे वक्त से एक्टिव होने के बाद भी कई जिलों में अच्छी बारिश नहीं हो पाई थी लेकिन अब बारिश हो सकती है। 

मौसम विभाग की तरफ से एक तरफ जहां बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय और अरवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी तरफ कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, पटना, मुंगेर, किशनगंज, सुपौल और अररिया में येलो अलर्ट जारी की गई है। हालांकि बारिश होने के बाद भी राज्य के लोगों को उमस वाली गर्मी से अभी निजात नहीं मिली है। लगातार बारिश का दौर जारी रहने के बाद ऐसा अनुमान है कि गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग की तरफ से इस बात का भी पूर्वानुमान लगाया गया है कि राजधानी और आसपास के जिलों में सोमवार को ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के बाद इन जिलों में एक से लेकर तीन डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है। पूरे बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। मानसून की बेरूखी के के कारण राज्य के कई जिलों में अच्छी खासी बारिश नहीं हो पाई थी लेकिन अब ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश का दौर शुरू हो सकता है।