बिहार सिपाही भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, लिखित परीक्षा में सॉल्वर बैठाकर पास, 7 गिरफ्तार

पटना में बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसने पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 21, 2026, 8:48:00 AM

पटना में बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसने पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान सात अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने लिखित परीक्षा में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा पास की और बाद में खुद शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंचे।

गिरफ्तार अभ्यर्थियों में रणबीर कुमार (लखीसराय), राजेश कुमार (सारण-छपरा), आलोक कुमार (अरवल), अमित कुमार (औरंगाबाद), रितेश सिंह (गाजीपुर), रंजन कुमार (जमुई) और गौतम कुमार (लखीसराय) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी ने लिखित परीक्षा के दौरान फर्जी तरीके से दूसरे व्यक्तियों को बैठाया था।

पूरा मामला तब उजागर हुआ जब ये अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल होने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंचे। शारीरिक परीक्षा के दौरान दस्तावेजों, फोटो और बायोमेट्रिक डेटा का मिलान किया गया। इसी मिलान प्रक्रिया में गड़बड़ी पकड़ी गई। लिखित परीक्षा के रिकॉर्ड में मौजूद फोटो और बायोमेट्रिक डाटा का मिलान अभ्यर्थियों से नहीं हुआ। संदेह होने पर जांच टीम ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें फर्जीवाड़े की बात कबूल की गई।

प्रारंभिक जांच में सॉल्वर गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में अब तकनीकी निगरानी और सख्त कर दी गई है। लिखित परीक्षा की फोटो और बायोमेट्रिक डेटा का दोबारा मिलान कराया जा रहा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे खुलासों के बाद जांच तेज कर दी गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।