साइबर ठगी के नेटवर्क पर STF की बड़ी कार्रवाई, 3 अपार्टमेंट में एक साथ छापेमारी

पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पटना एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

पटना : पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पटना एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। राजा बाजार के सुशील रेसिडेंसी अपार्टमेंट, बोरिंग रोड के मेरिडियन अपार्टमेंट और पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी में पुलिस की टीम ने जांच की। इस कार्रवाई के दौरान करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। वहीं, पुलिस को कई अहम दस्तावेज मिलने की भी जानकारी सामने आई है।

साइबर ठगी के नेटवर्क को खंगालने के लिए STF और साइबर पुलिस ने बुधवार सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया

पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क को खंगालने के लिए एसटीएफ और साइबर पुलिस ने बुधवार सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया। तीन अलग-अलग इलाकों में एक साथ पुलिस की टीम पहुंची और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पहली कार्रवाई राजाबाजार स्थित मशली गली के सुशील रेसिडेंसी अपार्टमेंट में की गई। यहां करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों की टीम पहुंची थी। वहीं दूसरी टीम बोरिंग रोड के मोंटेसरी लेन स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में जांच कर रही थी। इसके अलावा पत्रकार नगर के शाही कुशुम इनफिनिटी में भी एसटीएफ, स्थानीय पुलिस और साइबर पुलिस की टीम ने छापेमारी की।

साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ ठिकानों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है

बताया जा रहा है कि साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ ठिकानों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई। तीनों स्थानों पर 30 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिसमें एसटीएफ के अधिकारी भी शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान अब तक करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने और कई अहम दस्तावेज बरामद होने की सूचना है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक बरामद सामान और हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी को लेकर भी चर्चा है

वहीं, पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी को लेकर भी चर्चा है। इस अपार्टमेंट में इससे पहले एनआईए की टीम भी छापेमारी कर चुकी है। उस कार्रवाई का संबंध झारखंड में आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले की जांच से बताया गया था। वहां रहने वाले लोगों और अपार्टमेंट के गार्ड से भी बातचीत की गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह से ही अपार्टमेंट में पुलिस की छापेमारी चल रही थी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से लोग हैरान और परेशान हो गए। अपार्टमेंट के गार्ड ने बताया कि पुलिस की इतनी बड़ी टीम को देखकर वे लोग भी घबरा गए थे।

अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 में पुलिस ने छापेमारी की

जानकारी के मुताबिक, अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 में पुलिस ने छापेमारी की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस फ्लैट में कुनाल कुमार रहते हैं और उनका पटना के पाटलिपुत्र इलाके में साइबर कैफे है। हालांकि, साइबर ठगी के मामले में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल पटना के तीनों ठिकानों पर हुई छापेमारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ही साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। अब सबकी नजर पुलिस की आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग पर टिकी है।