स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान, पटना में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। समारोह को पूरी भव्यता, गरिमा एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित दंडाधिकारीयों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग के अवसर पर कही। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाला मुख्य राजकीय समारोह पूरे उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियों का अंतिम रूप से निरीक्षण एवं पूर्वाभ्यास किया गया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दिन सभी कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार एवं सुचारू रूप से संपन्न हों।
अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा प्रबंधन तथा विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले प्रत्येक दर्शक की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि विधि-व्यवस्था संधारण की दृष्टि से पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टरों तथा सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में अपर जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को वरीय प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
गांधी मैदान एवं कारगिल स्मृति चौक में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए कुल 62 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 अगस्त को सुबह 6 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं तथा कार्यक्रम स्थल से सभी दर्शकों के सुरक्षित रूप से चले जाने तक अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित रहें। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संपूर्ण गांधी मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों की CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्थापित CCTV कैमरों से भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। गांधी मैदान में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। साथ ही पुलिस कार्यालय परिसर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे आयोजन की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में कार्यरत रहेगा तथा इसके लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए लगभग 80,000 वर्गफीट क्षेत्र में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड का निर्माण कराया गया है। इससे बदलते मौसम एवं बारिश की स्थिति में भी दर्शकों को समारोह में भाग लेने में सुविधा होगी। गांधी मैदान में स्थापित प्रकाश मीनारों, LED मेटल लाइट एवं हाईमास्ट लाइट के माध्यम से पर्याप्त एवं उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में 13 विभागों की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी। इसके साथ ही 20 परेड टुकड़ियां समारोह में भाग लेंगी। फाइनल रिहर्सल के दौरान परेड एवं अन्य कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया तथा आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।
विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के प्रवेश के लिए मुख्य द्वार संख्या-10 निर्धारित किया गया है, जबकि पीला कार्ड धारक प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का प्रवेश गेट नंबर-9 से होगा। महिलाओं का प्रवेश गेट नंबर 12 एवं 13 से होगा विद्यार्थियों का प्रवेश गेट नंबर 2, 3एवं 4 से होगा ।आमजन का प्रवेश गेट नंबर 6 एवं 7 से होगा सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस का यह ऐतिहासिक आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन, सुरक्षा एवं भव्यता के साथ संपन्न हो तथा समारोह में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो।