अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन), पटना द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य एवं अलौकिक रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 16 जुलाई 2026 (दिन: गुरुवार) को आयोजित होने वाली इस रथ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रथ के रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम तेजी से चल रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में पटना और आसपास के क्षेत्रों से दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष की रथ यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता 40 फीट ऊँचा विशेष हाइड्रोलिक रथ होगा। यह रथ आधुनिक तकनीक से लैस है, जिसे आवश्यकता के अनुसार छोटा या बड़ा किया जा सकेगा। शहर के रूट पर जहाँ भी बिजली के ढीले तार, खंभे या पेड़ आदि मार्ग में रुकावट पैदा करेंगे, वहाँ इस रथ की ऊँचाई को तुरंत कम किया जा सकेगा, जिससे यात्रा बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से आगे बढ़ सकेगी।
रथ यात्रा के दिन, यानी 16 जुलाई को दोपहर एक बजे से दो बजे तक बुद्धमार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती होगी। इसके बाद भव्य रथ यात्रा की शुरुआत होगी। रथ यात्रा के दौरान दोपहर 12 बजे से लेकर रात्रि नौ बजे तक पूरे मार्ग और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा अखंड भजन-कीर्तन का गायन किया जाएगा। महाप्रभु के स्वागत के लिए रथ यात्रा के पूरे मार्ग को बेहद खूबसूरती से सजाया जाएगा। रास्ते में जगह-जगह पर भव्य और आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी, जिसे बनाने के लिए पटना के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों और बाहर से भी विशेष कलाकार आ रहे हैं। इसके साथ ही, पूरी यात्रा के दौरान भगवान और श्रद्धालुओं पर लगातार पुष्प वर्षा की जाएगी।
रथ यात्रा इस्कॉन मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस मंदिर परिसर लौटेगी। रथ यात्रा इस्कॉन मंदिर (बुद्धमार्ग), तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट, न्यू म्यूजियम, पटना वीमेंस कॉलेज, कोतवाली थाना, डाक बंगला चौराहा और मौर्यलोक होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के समापन के पश्चात देर शाम इस्कॉन मंदिर परिसर में सभी भक्तों और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
इस्कॉन मंदिर प्रबंधन (TMC) के को-चेयरमैन रमन मनोहर दास और आदिकर्ता दास ने पटना के समस्त श्रद्धालुओं से इस पावन रथ यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। कहा कि इस बार भगवान का क्रेन से 108 प्रकार का भोग अर्पित किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ के रथ की डोरी खींचने मात्र से ही जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। अतः सभी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर महाप्रभु का आशीर्वाद लें और पुण्य के भागी बनें। इस मौके पर टीएमसी के मेंबर राधा पति चरण दास, वेणू विनोद दास आदि उपस्थित थे।