पटना के मुसल्लहपुर हाट में स्थित चर्चित खान सर की कोचिंग पर हुए हमले मामले में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। खान सर के दो गार्ड्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस कोचिंग सेंटर पहुंची हैं और खान सर से भी पूछताछ कर रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया था। अब 3 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल 2 जून की रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले मामले में नया वीडियो सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से यह वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में दावा किया गया है कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड ने की थी। इस वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे दोनों गार्ड्स को कदमकुआं थाने लेकर आई। 3 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं खान सर से भी कोचिंग के अंदर फायरिंग मामले में पूछताछ की जा रही है।
खान सर कोचिंग विवाद मामले से जुड़े नए वीडियो में देखा जा रहा है कि एक बॉडीगार्ड फायरिंग कर रहा है। 38 सेकंड के वीडियो में यह देखा गया कि कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ लोग मौजूद हैं। इस बीच एक शख्स बंदूक को लोड करता है और फायरिंग कर देता है। दावा किया जा रहा था कि खान सर के बयान के दौरान उनके पीछे खड़ा दिखाई देने वाला एक व्यक्ति दूसरे वीडियो में कथित तौर पर फायरिंग करता नजर आ रहा है। फायरिंग कर रहा शख्स खान सर का बॉडीगार्ड ही बताया जा रहा है। अब वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अब 3 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि मंगलवार की रात खान सर की कोचिंग में घुसकर मारपीट हुई। हमलावरों ने जमकर तोड़फोड़ भी की। मंगलवार रात हुए हमले के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि उनकी कोचिंग पर हमला सुनियोजित तरीके से कराया गया। उन्होंने शुरुआती बयान में यह भी दावा किया था कि घटना के दौरान 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि कुछ ही घंटों बाद खान सर अपने फायरिंग वाले बयान से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और अफरा-तफरी में उन्हें स्थिति ठीक से समझ नहीं आ सकी। पटना पुलिस ने भी अब तक की जांच में फायरिंग की किसी घटना की पुष्टि नहीं की है।
बताते चलें कि इस पूरे मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों की पहचान अभिषेक और गौरव के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने भी मीडिया के सामने फायरिंग की बात को खारिज किया था। उनका कहना था कि घटना वाली रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप भी निराधार हैं। उन्होंने खान सर पर साजिश करने का आरोप लगाया है।