आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम (रोहतास) के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। पटना, सासाराम, डेहरी, मुजफ्फरपुर और बांका में तलाशी चल रही है। जांच में ₹1.19 करोड़ से अधिक की कथित अतिरिक्त संपत्ति का खुलासा हुआ है।
यह संपत्ति ज्ञात आय से करीब 85.05% अधिक बताई गई। विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट लेकर कार्रवाई हुई है। डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में छापेमारी जारी है। यह कार्रवाई गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर की गई। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचना के सत्यापन के बाद अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ EOU थाना कांड संख्या 15/26 (दिनांक 29 जुलाई 2026) दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(b) के तहत दर्ज किया गया है।
जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अभियुक्त ने ₹1,19,98,534 (करीब 1.20 करोड़ रुपये) की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 85.05 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की।
इन 6 स्थानों पर चल रही है छापेमारी
दानापुर (पटना) स्थित वीनस पैराडाइज अपार्टमेंट का फ्लैट
दानापुर (पटना) स्थित वीनस एम्पायर अपार्टमेंट का फ्लैट
मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल का मकान
लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम का कार्यालय
डेहरी-ऑन-सोन स्थित सरकारी आवास
जिला बांका के पैतृक गांव स्थित मकान
आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि विभिन्न टीमों द्वारा सभी छह ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।