T-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पटना पहुंचे ईशान किशन, एक झलक पाने को बेकाबू हुए फैंस

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी ईशान किशन मंगलवार (10 मार्च, 2026) को पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ.

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 10, 2026, 3:11:00 PM

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी ईशान किशन मंगलवार (10 मार्च, 2026) को पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ. लोग एक झलक देखने के लिए बेताब थे. उन्हें माला पहनाया गया. ईशान किशन को एयरपोर्ट पर एक बच्चे ने माला पहनाया जिसके बाद उन्होंने उसे किस किया. बच्चे ने भी किस किया.

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में भारत की जीत पर उन्होंने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. भारतीय टीम जीती है. हमारे लिए नहीं यह देश के लिए बहुत अच्छी बात है. हम लोग उम्मीद करेंगे कि आगे ऐसे ही क्रिकेट खेलते रहें और जीतते रहें..."

एक सवाल पर कहा, "मैं जितना अच्छा करूंगा इससे और भी जो यंग बच्चे हैं उनके लिए काफी मोटिवेशन होगा. मैं अपनी तरफ से हमेशा कोशिश करता हूं कि जितने प्लेयर हर जगह से बढ़ सकें बढ़ें. अभी हम लोगों ने वर्ल्ड कप खेला है तो इससे ये होता है कि आपको बस मेहनत करना है और कहीं से भी आप आगे बढ़ सकते हो."

दरअसल 8 मार्च को टी-20 विश्व कप जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी के साथ हनुमान मंदिर गए थे। तृणमूल कांग्रेस सांसद और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कीर्ति आजाद ने इस पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट ट्रॉफी को क्यों घसीटा जा रहा है? सिराज ट्रॉफी को मस्जिद नहीं ले गए, संजू सैमसन चर्च लेकर नहीं गए? यह ट्रॉफी 140 करोड़ भारतीयों की है।

इस पर जब ईशान किशन से पूछा गया तो उन्होंने सवाल को टालते हुए कहा, 'हम इतना अच्छा वर्ल्ड कप जीते हैं। इतना अच्छा सवाल आप कीजिएगा? ये कीर्ति आजाद क्या बोले हैं, इस पर अब मैं क्या बोलूं। कुछ अच्छा सवाल कीजिए ना कि कैसा मजा आया? यह कोई सवाल ही नहीं है।'

बता दें कि ईशान किशन ने 2026 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 54 रन बनाए थे. 25 गेंदों में उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए थे. ईशान की इस पारी ने टीम को 250 रनों से ज्यादा के टोटल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया था. ईशान किशन टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्ले बाज रहे.