भागलपुर में होलिका दहन के मौके पर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। भागलपुर के बरारी इलाके में आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि बरारी स्थित अपने निजी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में गोपाल मंडल स्थानीय लोगों के साथ होली का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान वे हाथ में रिवाल्वर लेकर भीड़ के बीच घूमते नजर आए। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और होलिका दहन की तैयारियों के बीच पूर्व विधायक उत्साह के साथ लोगों से मिलते-जुलते दिख रहे हैं।
यह वीडियो उनके बेटे आशीष मंडल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। पोस्ट के साथ उन्होंने अपने पिता की जमकर तारीफ भी की है। आशीष मंडल ने लिखा कि “ये हमारे पिताजी हैं और हमारे लिए वही हमारी असली पूंजी हैं। हमें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे चुनाव जीतते हैं या हारते हैं। हमारे लिए सबसे बड़ी जीत यह है कि वे हर उस व्यक्ति की आवाज बनकर खड़े रहते हैं, जिसकी कोई सुनवाई नहीं होती।”
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे होली के उत्साह का हिस्सा बता रहे हैं, तो कुछ ने सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियार लहराने को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर गोपाल मंडल को सुर्खियों में ला दिया है।
वे उन लोगों के लिए ढाल बनते हैं जिन्हें दबाया जाता है - चाहे प्रशासन हो, कोई पदाधिकारी हो या कोई बाहुबली ताकत। जहां लोग डरकर चुप हो जाते हैं, वहां वे निडर होकर सच के साथ खड़े रहते हैं।