होलिका दहन के साथ बिहार में छाई होली की धूम, श्रेयसी सिंह ने बजाया ढोल, चिराग ने परिवार और नेताओं के साथ खेला रंग

बिहार समेत पूरे देश में रंगों का सबसे बड़ा त्योहार होली पूरे उल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शहरों से लेकर गांवों तक होली की मस्ती और रौनक साफ नजर आने लगी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 02, 2026, 6:12:00 PM

बिहार समेत पूरे देश में रंगों का सबसे बड़ा त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शहरों की सड़कों से लेकर गांवों की चौपाल तक हर जगह रंग, गुलाल और खुशियों की बौछार नजर आ रही है। बच्चों की टोलियां पिचकारी लेकर निकल चुकी हैं, तो युवाओं में डीजे और ढोल की धुन पर झूमने का अलग ही उत्साह है।

आज होलिका दहन का पावन अवसर है। शाम 6 बजे से रात करीब 12 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त है। विशेष परिस्थितियों में रात 2 बजकर 2 मिनट तक भी होलिका दहन किया जा सकता है। इसके बाद भद्रा काल शुरू हो जाएगा। मान्यता है कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसी के साथ होली के रंगों का असली उत्सव शुरू हो जाता है।

प्रदेश में होली की रंगत पहले ही चढ़ चुकी है। सीवान में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के होली मिलन समारोह में सिंगर स्वाती मिश्रा ने अपने होली गीतों से ऐसा समां बांधा कि लोग झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम में रंग और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला।

वहीं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ होली के रंग में सराबोर नजर आईं। ढोल-मंजीरा बजाते हुए उन्होंने होली गीत गाए और सभी के साथ जमकर रंग-गुलाल खेला।

इधर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी अपने कार्यालय में परिवार और समर्थकों के साथ होली मनाई। रंग-गुलाल और ढोल-नगाड़ों के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरा बिहार इस समय होली के रंग में डूबा नजर आ रहा है।