गैस संकट के डर से लोग हुए सतर्क, Amazon पर चार दिनों में 4 लाख इंडक्शन चूल्हों की हुई बिक्री

अमेरिका-ईरान जंग से एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। इससे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन (इलेक्ट्रिक चूल्हे) की मांग तेजी से बढ़ गई है। अमेजन पर एक ही दिन में करीब 1.34 लाख से अधिक इंडक्शन की बिक्री दर्ज की गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 13, 2026, 7:59:00 AM

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचता दिख रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अगर हालात बिगड़े तो एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी डर के कारण लोगों ने अब गैस के विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं, और इसका सबसे बड़ा फायदा इंडक्शन यानी इलेक्ट्रिक चूल्हों को मिल रहा है।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक तेज़ी से बढ़ गई है। ई-कॉमर्स कंपनी Amazon पर एक ही दिन में करीब 1 लाख 34 हजार से ज्यादा इंडक्शन चूल्हों की बिक्री दर्ज की गई है। आम तौर पर पूरे महीने में लगभग 1 लाख 80 हजार इंडक्शन बिकते हैं, लेकिन मौजूदा हालात में सिर्फ चार दिनों के भीतर ही अमेजन पर करीब 4 लाख इंडक्शन चूल्हे बिक चुके हैं।

इतना ही नहीं, अगर अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों की बिक्री को भी जोड़ दिया जाए तो चार दिनों में ऑनलाइन करीब 5 लाख इंडक्शन चूल्हों की बिक्री हो चुकी है। मांग इतनी तेजी से बढ़ी है कि अमेजन पर इंडक्शन चूल्हे बेचने वाली लगभग 100 कंपनियों में से 70 कंपनियों का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया है।

पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की ऑनलाइन सर्च और ऑर्डर में तेज उछाल देखा गया है। लोग गैस की संभावित किल्लत को देखते हुए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुट गए हैं। कई शहरों में इलेक्ट्रिक कुकिंग अप्लायंसेज की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव या युद्ध की स्थिति लंबी खिंचती है तो एलपीजी गैस की सप्लाई पर असर पड़ सकता है। ऐसे में इंडक्शन चूल्हों की मांग आने वाले दिनों में और तेजी से बढ़ सकती है।

यानी अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर अब आम घरों की रसोई पर भी देखने को मिल रहा है, जहां लोग गैस के साथ-साथ बिजली से चलने वाले विकल्पों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं।