अतिक्रमण के कारण रोजाना लग रहा भीषण जाम, मिनटों का सफर तय करने में लग रहे घंटों, एंबुलेंस और स्कूल वाहन भी फंसे

पटना जिले के बिहटा में इन दिनों जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है। बिहटा चौक से लेकर बिहटा बाजार तक सड़क के दोनों किनारों पर हुए अवैध अतिक्रमण के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

बिहटा : पटना जिले के बिहटा में इन दिनों जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है। बिहटा चौक से लेकर बिहटा बाजार तक सड़क के दोनों किनारों पर हुए अवैध अतिक्रमण के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। सड़क किनारे अतिक्रमणकारियों द्वारा दुकानें और अन्य सामान फैलाकर कब्जा किए जाने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

जाम का आलम यह है कि लोगों को कुछ मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लग जा रहे हैं

आपको बता दें कि जाम का आलम यह है कि लोगों को कुछ मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लग जा रहे हैं। इस भीषण जाम में आम राहगीरों के साथ-साथ स्कूल वाहन, गैस सिलेंडर लेकर जाने वाले वाहन, एंबुलेंस समेत कई आवश्यक वाहन घंटों फंसे रहे। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस के जाम में फंसने से लोगों की चिंता और बढ़ गई।

जाम से निजात दिलाने के लिए बिहटा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर बिहटा थाना की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहे

वहीं जाम से निजात दिलाने के लिए बिहटा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर बिहटा थाना की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को व्यवस्थित कर जाम हटाने का प्रयास करते नजर आए, लेकिन सड़क किनारे अतिक्रमण और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद जाम की समस्या बनी रही।

बिहटा में जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है - स्थानीय लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहटा में जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने और स्थायी रूप से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या से लोगों को कब तक निजात दिला पाता है।

बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट