बिहटा : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में अरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी समेत एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
अज्ञात अपराधियों ने सिमरी गांव में अरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी थी
गौरतलब है कि बीते दिनों देर रात अज्ञात अपराधियों ने सिमरी गांव में अरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहटा पुलिस ने जांच तेज कर दी और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर-सिमरी गांव निवासी प्रमोद कुमार चौधरी के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने मृतक की पत्नी और एक विधि-विरुद्ध बालक को भी गिरफ्तार किया है
वहीं, पुलिस ने मृतक की पत्नी और एक विधि-विरुद्ध बालक को भी गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले पर दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि बिहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया है। मामले में मृतक की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट