DM-SP के सम्मेलन का दूसरा दिन, सीएम सम्राट ने IAS-IPS को दिया टास्क

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में आयोजित 'जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन' के दूसरे दिन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की।

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में आयोजित 'जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन' के दूसरे दिन विभागीय वरीय पदाधिकारियों, प्रमण्डलीय आयुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा की। बैठक में आज दूसरे दिन सहयोग कार्यक्रम (मुख्यमंत्री सचिवालय), नगर विकास एवं आवास विभाग, वित्त विभाग, ऊर्जा विभाग, युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, खेल विभाग, पर्यटन विभाग तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। प्रमण्डलीय आयुक्तों तथा जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखें।

दो दिवसीय 'जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन' के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को जन-उन्मुख, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सकारात्मक सोच के साथ संवेदनशील, कर्मठ एवं सक्रिय बनना होगा। आम जनता के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए उनके साथ संवाद का एक सशक्त इको-सिस्टम तैयार किया जाना आवश्यक है, ताकि शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल से आज तक विभिन्न विभागों के साथ कई कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुयी। सभी विभागों ने स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है कि बिहार को तेज गति से आगे बढ़ाना है तथा बिहार को समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने राज्य के लोगों को बुनियादी सुविधायें उपलब्ध करायी, प्रदेश को व्यवस्थित किया और हम सभी को विकास का एक आधार दिया। 

हमलोगों को इस पर तेज गति से कार्य करते हुये बिहार को समृद्ध बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतियों के क्रियान्वयन की गति को और तेज करना होगा तथा अधिकारियों को किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना पूरी निष्ठा, ईमानदारी और वित्तीय अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रमण्डलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण करें, निचले स्तर तक जाकर बैठकें करें और सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी थानों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में सी०सी०टीवी कैमरे स्थापित कर उनकी पूर्ण निगरानी करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, पंचायत सरकार भवनों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, विभिन्न शिविरों तथा 'पंचायत विकास दिवस के आयोजनों में सक्रिय रूप से शामिल होने और प्रमंडलीय आयुक्तों द्वारा जिला स्तरीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विकास योजनाओं को गति देकर समय पर पूरा करने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने 'सहयोग कार्यक्रम' के तहत अब तक प्राप्त 10 लाख से अधिक आवेदनों में से 98.44 प्रतिशत के निष्पादन पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों को जिला स्तर के मामलों की स्वयं निगरानी करने और आवेदकों की समस्याओं के समाधान को लेकर स्पष्ट निर्णय देने का निर्देश दिया। साथ ही, परिमार्जन और भूमि विवाद से संबंधित आवेदनों को अगले 6 माह के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादित करने तथा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' पर आये सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। 

नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सैटेलाइट टाउनशिप को महत्वपूर्ण बताते हुये जिलाधिकारी को तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही जिलाधिकारियों को प्रत्येक शहर का 'गैप एनालिसिस' कर बुनियादी कमियों को दूर करने, कम से कम दो सिग्नेचर रोड' विकसित करने और सुव्यवस्थित बस स्टैंड की योजना तैयार करने को कहा।

ऊर्जा विभाग के अंतर्गत पीएम-कुसुम, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मुख्यमंत्री सौर प्रोत्साहन योजना-2026 के क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक प्रत्येक जिले में एक गांव को चिह्नित कर उसे 'मॉडल सोलर गांव' के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जाए। इसके साथ ही सौर ऊर्जा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया। 

युवाओं के रोजगार और कौशल विकास के लिए मुख्यमंत्री ने बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने जिला कौशल समितियों को जिला स्तर पर उद्योगों के साथ संबद्ध करने और नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही 'पीएम सेतु' के अंतर्गत प्रमुख क्षेत्रों की पहचान कर नए कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की बात कही। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा के क्रम में राशन कार्ड निर्गमन में तेजी लाने और जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को निर्धारित 5 किलोग्राम अनाज मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। खेल एवं पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की संभावनाओं को गति देने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। राज्य में पर्यटन और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले को अपना स्वयं का 'टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन ब्रोशर' (पर्यटक सूचना पुस्तिका) तैयार करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी के रूप में आपलोगों को काम करने का मौका मिला है, इसे उत्तरदायित्व समझते हुये लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरें। जितना अधिक आप काम करेंगे, उतना अधिक अनुभव होगा। आप जिले से काम करके जायेंगे तो लोग आपको याद रखेंगे। जिले के लोगों के लिये जितना समय निकालेंगे, उनसे समन्वय बनायेंगे तो जिले में कार्यों को और अच्छे ढंग से निष्पादित करेंगे। बिहार को बदलने में तथा बिहार को आगे बढ़ाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है। समीक्षा बैठक का समापन राज्य की

सभी जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से घरातल पर उतारने और अंतर विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम के समापन के दौरान मुख्यमंत्री को मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। बैठक को उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।

बैठक में मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, गृष्ठ विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, प्रमण्डलीय आयुक्त तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।