आपदा प्रबंधन विभाग का अलर्ट, इन जगहों पर बढ़ सकता है गंगा नदी का जलस्तर, बरतें सावधानी

आपदा प्रबंधन विभाग ने गंगा नदी के किनारे रहने वालों को सावधानी बरतने का अलर्ट जारी किया है। विभाग द्वारा जानकारी दी गयी है कि कुछ स्थानों पर गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार सकता है। ऐसे में सावधानी बरतें।

पटना: आपदा प्रबंधन विभाग ने गंगा नदी के किनारे रहने वालों को सावधानी बरतने का अलर्ट जारी किया है। विभाग द्वारा जानकारी दी गयी है कि कुछ स्थानों पर गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार सकता है। ऐसे में सावधानी बरतें।

विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग द्वारा प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार पटना जिले में गांधी घाट पर आज रात्रि तथा हाथीदह (मोकामा) में दिनांक 04 सितंबर को दोपहर के समय गंगा नदी का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर को पार करने की संभावना है। गंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि एवं उससे उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों के नदी के किनारे एवं निचले क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों से अपील की जाती है कि वे पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किया गया है। इसके तहत नदी, घाट, तटबंध एवं निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाने, बच्चों, बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने, प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों की जानकारी रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वहाँ जाने, नदी में स्नान, तैराकी, नाव से अनावश्यक आवागमन तथा सेल्फी लेने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से पूरी तरह बचने, अपने आवश्यक दस्तावेज, दवाइयाँ, मोबाइल फोन, टॉर्च, पीने का पानी और जरूरी सामान सुरक्षित एवं आसानी से ले जाने योग्य रखने, अफवाहों पर ध्यान नही देनें और केवल जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने, जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन एवं बचाव दल के निर्देशों का तत्काल पालन करने का निर्देश जारी किया गया है।

विभाग द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन तथा राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर तत्काल सूचित करें।