जेपी सेतु के समानांतर बन रहे सिक्स लेन पुल में रैंप की मांग तेज, दियारा विकास संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

जेपी सेतु के समानांतर बन रहे सिक्स लेन पुल में रैंप की मांग तेज, दियारा विकास संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 16, 2026, 10:59:00 PM

पटना और सोनपुर को जोड़ने वाले निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल में दियारा क्षेत्र के लिए अप्रोच रोड और रैंप नहीं बनाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर दियारा विकास संघर्ष समिति ने 17 मई 2025 को पटना के मरीन ड्राइव स्थित दीघा में, जेपी सेतु के पिलर नंबर-1 के पास विशाल धरना और आमसभा आयोजित करने की घोषणा की है।

समिति का आरोप है कि देशभर में बनने वाले बड़े पुलों और सेतुओं के साथ स्थानीय संपर्क मार्गों का भी निर्माण किया जाता है, लेकिन दीघा-सोनपुर के बीच बन रहे इस महत्वपूर्ण सिक्स लेन पुल में दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए कोई रैंप या अप्रोच रोड प्रस्तावित नहीं किया गया है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोग लंबे समय से अधिकारियों और संबंधित विभागों के समक्ष अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

दियारा विकास संघर्ष समिति से जुड़े त्रिभुवन यादव, पूर्व प्रमुख मनोज यादव, जनार्दन राय, रामाशंकर राय, मंगल सिंह, यदु प्रसाद सिंह, वकील राम मुखिया, संतोष कुमार और विमल जी सहित अन्य लोगों ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के अभाव में दियारा क्षेत्र के लाखों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि पुल से सीधे जुड़ने वाला रैंप तैयार हो जाए, तो क्षेत्र के लगभग 8 से 10 लाख लोगों को पटना पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।

समिति के अनुसार, वर्तमान समय में दियारा क्षेत्र के लोगों को पटना आने-जाने के लिए करीब 24 से 25 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। जबकि अप्रोच रोड बनने के बाद यह दूरी बेहद कम हो जाएगी और लोग मात्र 5 से 10 मिनट में राजधानी पहुंच सकेंगे।

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि पटना सदर क्षेत्र का नकटा दियारा इसी इलाके में आता है, जिसके अंतर्गत करीब 10 पंचायत और चार प्रखंड शामिल हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। कई बार लंबी दूरी और खराब संपर्क व्यवस्था के कारण गंभीर मरीजों की जान तक चली जाती है।

दियारा विकास संघर्ष समिति ने साफ शब्दों में कहा है कि फिलहाल उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जा रहा है, लेकिन यदि सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देते हैं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा।