ग्राम कचहरी की कंटीजेंसी राशि बढ़ाने का निर्णय स्वागतयोग्य: पंच सरपंच संघ

पंच सरपंच संघ की मांग 5000 रुपये प्रति माह 60000 सालाना की जगह ग्राम कचहरी के संचालन एवं रखरखाव के लिए कंटीजेंसी मद की वार्षिक राशि ₹4,000 से बढ़ाकर छ गुना ₹24,000 किए जाने के सरकार के निर्णय का पंच-सरपंच संघ बिहार ने स्वागत किया है।

पटना : पंच सरपंच संघ की मांग 5000 रुपये प्रति माह 60000 सालाना की जगह ग्राम कचहरी के संचालन एवं रखरखाव के लिए कंटीजेंसी मद की वार्षिक राशि ₹4,000 से बढ़ाकर छ गुना ₹24,000 किए जाने के सरकार के निर्णय का पंच-सरपंच संघ बिहार ने स्वागत किया है। 

पंच-सरपंच संघ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं पंचायती राज विभाग के मंत्री तथा मुख्य सचिव बिहार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बिहार में ग्राम कचहरी व्यवस्था को आर्थिक एवं संस्थागत रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ग्राम कचहरी ग्रामीण स्तर पर न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बिहार देश का ऐसा अग्रणी राज्य है, जहां ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों का निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होता है। पंच एवं सरपंच ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय विवादों के समाधान एवं सामाजिक न्याय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निराला ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ग्राम कचहरी व्यवस्था को सबल और सशक्त बनाने की दिशा में जो पहल की जा रही है, उससे ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों एवं कार्यरत ग्राम कचहरी प्रहरियों को भी राहत मिलेगी। विशेष रूप से ग्राम कचहरी में प्रहरी की व्यवस्था को मजबूत करने से न्यायिक कार्यों के संचालन में सहयोग मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले दिनों में सरकार ग्राम कचहरी के आधारभूत संसाधनों, प्रतिनिधियों की सुविधाओं, मानदेय एवं अधिकारों के विस्तार की दिशा में भी सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि बिहार का ग्राम कचहरी मॉडल आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण और नजीर साबित हो सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष निराला ने मुख्यमंत्री, पंचायती राज मंत्री मुख्य सचिव एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंच-सरपंच संघ बिहार ग्राम कचहरी व्यवस्था के सर्वांगीण सशक्तिकरण के लिए निरंतर संघर्ष अपनी आवाज उठाता रहेगा।