बिहार में महंगाई का एक और झटका लगने वाला है। अब सुबह की चाय से लेकर बच्चों के दूध और घर की रसोई तक का बजट बिगड़ने वाला है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने अपने लोकप्रिय सुधा ब्रांड के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी। अलग-अलग श्रेणियों के दूध पर 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। खास बात यह है कि पिछले छह महीने के भीतर सुधा दूध की कीमतों में दूसरी बार इजाफा हुआ है।
कॉम्फेड की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, सुधा गोल्ड का आधा लीटर पैकेट अब 35 रुपये की जगह 37 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर पैकेट के लिए 68 रुपये की जगह 72 रुपये खर्च करने होंगे। सुधा शक्ति का आधा लीटर पैकेट 31 से बढ़कर 33 रुपये और एक लीटर पैकेट 60 से बढ़कर 64 रुपये का हो गया है।
सुधा काउ मिल्क की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। इसका आधा लीटर पैकेट 29 रुपये से बढ़कर 32 रुपये और एक लीटर पैकेट 57 रुपये से बढ़कर 62 रुपये हो गया है। वहीं सुधा टोंड दूध का आधा लीटर पैकेट 28 से बढ़कर 30 रुपये और एक लीटर 55 से बढ़कर 58 रुपये में मिलेगा। सुधा डबल टोंड दूध का आधा लीटर पैकेट 26 से बढ़कर 28 रुपये और एक लीटर पैकेट 50 से बढ़कर 54 रुपये का हो जाएगा।
दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब पहले से ही खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों ने आम परिवारों का बजट प्रभावित कर रखा है। बिहार में सुधा सिर्फ एक दूध का ब्रांड नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए दूध की खपत हर घर में होती है। ऐसे में कीमतों में मामूली दिखने वाली यह बढ़ोतरी भी महीने के हिसाब से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी।
सवाल यह भी है कि जब छह महीने के भीतर दूसरी बार दूध महंगा हो रहा है, तो आम उपभोक्ता को राहत कब मिलेगी? दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत मिलना जरूरी है, लेकिन इसके साथ उपभोक्ताओं की जेब का ख्याल रखना भी उतना ही अहम है। फिलहाल एक दिसंबर से सुधा दूध खरीदने वालों को हर पैकेट पर पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। यानी अब बिहार की सुबह की चाय भी थोड़ी महंगी होने जा रही है।
अनूप नारायण सिंह की रिपोर्ट