हवा में अटका रहा सीएम सम्राट चौधरी का हेलिकॉप्टर, सुरक्षा एजेंसी हुई अलर्ट

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 11, 2026, 4:30:00 PM

सीएम सम्राट चौधरी से जुड़ी बड़ी खबर है। दरअसल सीएम सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के साथ कुछ ऐसी घटना घटी, जिसे देखकर के लोग डर गए और भागने लगे। आलम यह रहा कि लगभग सात मिनट तक सीएम का हेलीकॉप्टर हवा में हीं अटका रहा। पूरी घटना शनिवार की है, जब हाजीपुर में सीएम का हेलीकॉप्टर सात मिनट तक हवा में ही अटका रहा। 

मिली खबर के अनुसार सीएम सम्राट चौधरी शनिवार को एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से हाजीपुर गए हुए थे। सीएम वहां पर पेपर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत करने के लिए गए हुए थे। कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद उनका हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित समय पर अक्षय वट राय स्टेडियम से रवाना हुआ लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही लम्हों के बाद हेलीकॉप्टर आगे बढ़ने के बजाय आसमान में ही नियंत्रित हालत में मंडराने लगा। हेलीकॉप्टर के निर्धारित स्थान पर आगे नहीं बढ़ने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। इधर जिला प्रशासन और पुलिस भी हेलीकाप्टर के लंबे वक्त तक हवा में रहने की स्थिति को देखते हुए अलर्ट हो गए। कुछ मिनट तक हलचल बनी रही लेकिन सुरक्षा एजेंसी ने हालात पर नियंत्रण रखा। हालांकि किसी भी तरह की दुर्घटना की सूचना सामने नहीं आई है। 

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पायलट को आगे की उड़ान के लिए आवश्यक लोकेशन और विजुअल रेफरेंस स्पष्ट रूप से नहीं मिल पा रहा था। इस हालत में पायलट ने विमानन सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए हेलीकॉप्टर को हवा में ही होल्ड कर दिया था। जैसे ही विजुअल रिफरेंस और आवश्यक लोकेशन की रिपोर्ट पायलट को मिली और आगे का रास्ता क्लियर हुआ। हेलीकॉप्टर सीएम को लेकर के सुरक्षित पटना के लिए रवाना हो गया।