छठ महापर्व 2026: संवर रहे गंगा घाटों के पहुंच पथ, दीवारों पर उकेरी जा रही आकर्षक चित्रकारी

लोक आस्था का महापर्व छठ की भव्यता और सांस्कृतिक पहचान को और आकर्षक स्वरूप देने के लिए पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों के पहुंच पथ का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

पटना: लोक आस्था का महापर्व छठ की भव्यता और सांस्कृतिक पहचान को और आकर्षक स्वरूप देने के लिए पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों के पहुंच पथ का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कायाकल्प अभियान के अंतर्गत घाटों तक जाने वाले रास्तों की दीवारों पर छठ महापर्व और स्वच्छता की थीम पर आकर्षक पेंटिंग बनाई जा रही हैं। इन रंगीन चित्रकारियों के माध्यम से न केवल छठ की पारंपरिक छटा को उकेरा जा रहा है, बल्कि स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस पहल की शुरुआत कृष्णा घाट से की गई है। इसके बाद गांधी घाट, एनआईटी घाट सहित अन्य प्रमुख गंगा घाटों के पहुंच पथ पर भी इसी तरह की आकर्षक चित्रकारी कराई जाएगी। दीवारों पर उकेरे जा रहे छठ से जुड़े दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को घाटों तक पहुंचने के दौरान  महापर्व की सांस्कृतिक अनुभूति कराएंगे।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पटना पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाना नगर निगम की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 

नगर आयुक्त यशपाल मीणा की पहल पर पटना नगर निगम इस कार्य में शहर के युवाओं और स्थानीय कला प्रतिभाओं को भी सहभागी बना रहा है। पटना आर्ट्स कॉलेज के छात्र-छात्राओं की टीम इन दीवारों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति से सजा रही है। इससे एक ओर शहर की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को शहर के सौंदर्यीकरण और महापर्व की तैयारियों से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।

पटना की पहचान और गौरव से जुड़े छठ महापर्व के अवसर पर यह पहल आस्था, कला और स्वच्छता के सुंदर संगम को दर्शाती है। पटना नगर निगम का प्रयास है कि घाटों पर पहुंचने से पहले ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शहर की सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और छठ की आत्मीयता का अनुभव हो।