गोपालगंज क़े चार केद्रों पर आयोजित होगी मध्य निषेध अवर निरीक्षक परीक्षा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 10, 2026, 7:02:00 PM

बिहार में अवर निरीक्षक (मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग) तथा निरीक्षक (मद्य निषेध) के पदों पर आगामी 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक ब्रीफिंग दी गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी दंडाधिकारी और पुलिस बल समय से काफी पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लें। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही दिखने पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

जिले में इस परीक्षा के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 2,976 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी केंद्रवार अभ्यर्थियों की सूची के अनुसार एसएस गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी, गोपालगंज में 1,080 अभ्यर्थी, व्हीएम इंटर कॉलेज में 504 अभ्यर्थी, डीएभी सीनियर सेकेंडरी में 888 और एमएम मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल गोपालगंज में 504 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा चुकी है। अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच के लिए विशेष गाइडलाइंस जारी की गई हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूरी कर ली गई हैं।

 गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट