बिहार में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है। राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और मध्यम बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। हालांकि प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग और प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से लोगों से बेहद सावधानी बरतने और इस समयावधि में घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए खगड़िया, दरभंगा, बेगूसराय, समस्तीपुर, मधुबनी, सहरसा और सुपौल जिले के लिए दोपहर 2:35 बजे तक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में मेघगर्जन और ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने के साथ ही तेज हवा और झमाझम बारिश होने की आशंका जताई गई है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा गुरुवार 21 मई 2026 को सुबह 10:35 बजे रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी शामिल है। विभाग ने चेतावनी दी कि इन जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। यह अलर्ट दोपहर 1:35 बजे तक प्रभावी रहने की बात कही गई। वहीं एक और अलर्ट जारी करते हुए खगड़िया, दरभंगा, बेगूसराय, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा और सुपौल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया। विभाग ने कहा कि इन जिलों में भी तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है। यह चेतावनी दोपहर 2:35 बजे तक के लिए जारी की गई है।
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम बिहार के पांच प्रमुख जिलों भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इन जिलों में मौसम बेहद गंभीर और जानलेवा स्थिति में पहुंच सकता है। रेड अलर्ट के दौरान इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री C या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों और मौसम वैज्ञानिकों ने इन पांच जिलों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने को कहा गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की भी आशंका है। पटना वासियों को गुरुवार को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है। राजधानी में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।