भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस ने सख्ती शुरु कर दी है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ बिहार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अब तक 12 कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन लोगों पर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस का आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर सामाजिक वैमनस्य और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। जिससे आमजन में भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो रही थी।
पुलिस जांच के अनुसार, फेसबुक, एक्स (X) और इंस्टाग्राम समेत 50 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की गई है, जिनके माध्यम से आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री साझा की जा रही थी। इनमें से कई सोशल मीडिया आईडी और आपत्तिजनक पोस्ट को हटवाया जा चुका है, जबकि बाकी की निगरानी लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है। एक विशेष टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था और हाथ में हथियार के साथ अपनी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, अब तक उसकी सटीक लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह कार्रवाई केवल उन सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ की जा रही है, जो भ्रामक, भड़काऊ या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे सभी अकाउंट्स की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जरूरत पड़ने पर सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
बता दें कि भोजपुर पुलिस भी सोशल मीडिया पर सक्रिय भूमिका निभा रही है और कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा प्रसारित भ्रामक दावों का तुरंत खंडन कर रही है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एनकाउंटर के बाद पुलिस टीम पर हमले का दावा किया गया था। पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह गलत और निराधार बताते हुए आधिकारिक रूप से खारिज कर दिया। प्रशासन लोगों से अपील कर रही है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें।