बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी के प्रत्याशी बदलने पर विपक्ष ने किया हमला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 10, 2026, 6:48:00 PM

बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के पहले बीजेपी ने शुक्रवार को अप्रत्याशित रूप से एक कदम उठाया। पार्टी ने पूर्व घोषित भाजपा प्रत्याशी अभिषेक बंटी ने नाम वापस ले लिया। अब इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरेंगे। अब बीजेपी के इस कदम पर विपक्षी दलों की भी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गयी है। विपक्षी दलों ने बीजेपी के इस कदम पर सीधा सीधा निशाना साधा है।

कांग्रेस पार्टी के महासचिव असित नाथ तिवारी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी अभिषेक बंटी ने नाम वापस ले लिया है। नामांकन के एक दिन बाद ही पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करवा कर नाम वापसी की घोषणा करवाई गई। अभिषेक ने कहा कि पारिवारिक कारणों से नाम वापस ले रहे हैं। क्या बचकाना बहाना है! परिवार वालों को तो मानों खुशियों का ख़ज़ाना मिल गया था। कम से कम बहाने वाली स्क्रिप्ट तो अच्छी लिखवाते। सच्चाई सामने आ गई है। सच्चाई ये है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भ्रम हो गया था कि वो ही 'राष्ट्रीय अध्यक्ष' हैं और बांकीपुर उनकी बपौती सीट है। इसी भ्रम में उन्होंने बांकीपुर से अपने सिपहसालार को टिकट दे दिया। बस क्या था, शाही दरबार के चंटुओं को मौका मिल गया। कान भरने वालों ने पार्टी के शाह के कान भर दिए। हुज़ूर ये तो आपको शाह मानता ही नहीं! इसने शाह के सल्तनत में खुद को अध्यक्ष समझने की गुस्ताखी की है। बस क्या था, शाह भड़क गए। शाही शान में गुस्ताख़ी उन्हें कत्तई बर्दाश्त नहीं। रात में डांट लगनी शुरू हो गई। डांट लगी तो माफ़ी की गुहार भी लगने लगी। लाज रखने की गुजारिश भी हुई पर, शाह का अहंकार डिगा नहीं और अगले ही दिन लाज उतार दी गई। इस तरह से बेचारे बंटी की बलि ले गई।

राजद उम्मीदवार की होगी जीत

वहीं राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि उपचुनाव में दिलचस्प स्थिति बन गई है। अब बीजेपी ने अपना उम्मीदवार वापस ले लिया है। कार्यकर्ता के बली चढा दी गयी है। कार्यकर्ता निराश हो गए हैं। मैं जानता था कि राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता की मजबूत पकड ने बीजेपी की ने उड़ा दी है। प्रगतिशील समाज के लोग एक साथ आ गए हैं। कार्यकर्ता की बली चढ़ा करके एक आयातित को टिकट दे रहे हैं। राजद को सारी जानकारी है। इसको बांकीपुर की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। आपको वहां हार का सामना करना पड़ेगा। बीजेपी की हार का यह पहला पड़ाव होगा, जहां बीजेपी को अपना उम्मीदवार बदलने को मजबूर होना पड़ा। उम्मीदवार बदलवाने में जन सुराज की भी भूमिका है। कार्यकर्ता को टिकट देकर के तुरंत बली ले ली गई। राजद ने अपनी पकड़ मजबूत बनायी है। रेखा गुप्ता के प्रति अपार समर्थन बांकीपुर ने दिया है।

प्रशांत किशोर के कारण बदला गया उम्मीदवार

वहीं भाजपा के इस कदम पर जन सुराज की भी प्रतिक्रिया सामना आई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव ने कहा कि प्रशांत किशोर के डर से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने बांकीपुर उपचुनाव से अपना नामांकन वापस लिया है। बीजेपी भी मान रही है कि बांकीपुर में जनता ने प्रशांत किशोर के पक्ष में बदलाव करने का मन बना लिया है और एक मत से प्रशांत किशोर को अपना नेता बनना चाहती है।