बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिहार सरकार पशु शिविर का आयोजन करने जा रही है, जहां पशुओं के लिए चारा वितरण किया जाएगा। आपदा से प्रभावित पशुओं के जीवन रक्षा के लिए डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग पशु चारा वितरण कार्यक्रम चला रहा है। जिसके जरिए बाढ़ या आपदा के समय पशुपालकों को नाममात्र के शुल्क पर चारा मुहैया कराया जाता है।
पशु चारा वितरण का कार्य जिला प्रशासन के सहयोग से समय-समय पर जिला पशुपालन पदाधिकारी करते हैं। आपदाग्रस्त पशुओं के जीवन रक्षण के लिए सामान्यतः बड़े जानवरों के लिए छह किलोग्राम, छोटे जानवरों के लिए तीन किलोग्राम और भेड़-बकरियों के लिए एक किलोग्राम चारा जरूरत के अनुसार दिया जाता है। पशु शिविरों या अस्थायी शिविरों में एक बार में तीन दिन से लेकर एक सप्ताह के लिए चारा वितरण कराया जाता है। वहीं बाढ़ की स्थिति के अनुसार शिविर संचालन तक चारा वितरण कराया जाता है।
चारा वितरण से पहले सभी प्रभावित पशुओं के प्रकार और संख्या के आधार पर गणना कर पशुपालकों को टोकन वितरण किया जाता है। इस तरह टोकन के आधार पर क्रमानुसार चारा का प्रबंध कर वितरित किया जाता है। इस संबंध में विशेष जानकारी पशुपालन निदेशालय के आपदा कोषांग के टेलीफोन नंबर 0612-2230942 या पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना के टेलीफोन नंबर 0612-2226049 से प्राप्त की जा सकती है।