नीतीश के राज्यसभा जाने पर बोले अनंत सिंह, बिहार की मिट्टी का सपूत हैं CM

बिहार में सियासी उलटफेर को लेकर मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह का रिएक्शन सामने आया है। अनंत सिंह फिलहाल जेल में बंद हैं हालांकि उनके फेसबुक पेज से नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर बयान आया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 05, 2026, 8:58:00 PM

बिहार में सियासी उलटफेर को लेकर मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह का रिएक्शन सामने आया है। अनंत सिंह फिलहाल जेल में बंद हैं हालांकि उनके फेसबुक पेज से नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर बयान आया है। उन्होंने नीतीश कुमार को बिहार की मिट्टी का सपूत बताया है और कहा है कि बिहार का मान और स्वाभिमान हमेशा ऊंचा रहे।

अनंत सिंह की तरफ से फेसबुक पर लिखा गया, "बहुत ही लंबे अरसे के बाद बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश जी एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के रूप में प्रवेश करने जा रहे हैं। सन् 2005 से लेकर आज तक उनका मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व बिहार के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय की तरह दर्ज रहेगा।

जब बिहार निराशा और पिछड़ेपन की चर्चा से पहचाना जाता था, तब उन्होंने सुशासन, विकास और सामाजिक समरसता की नई राह दिखाने का साहसिक काम किया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था जैसे अनेक क्षेत्रों में उनके द्वारा किए गए कार्यों ने बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है।

आज जब वे फिर से राष्ट्रीय मंच पर अपनी नई भूमिका निभाने जा रहे हैं, तो यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनका अनुभव, उनकी दूरदृष्टि और बिहार के प्रति उनका समर्पण देश को भी नई दिशा देने का काम करे। बिहार की माटी का यह सपूत जहां भी रहे, बिहार का मान और स्वाभिमान हमेशा ऊँचा रहे"।