अनंत सिंह की बिटिया शिवांगी की शादी का आया पूरा शेड्यूल, 20 नवंबर से शुरू होंगे मांगलिक कार्यक्रम, 25 को शुभ विवाह

बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के घर जल्द ही शहनाइयां गूंजने वाली हैं। उनकी बेटी शिवांगी सिंह के विवाह का निमंत्रण पत्र सामने आने के साथ ही शादी के मांगलिक कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल भी सार्वजनिक हुआ।

पटना। बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के घर जल्द ही शहनाइयां गूंजने वाली हैं। उनकी बिटिया शिवांगी सिंह के विवाह का निमंत्रण पत्र सामने आने के साथ ही शादी के मांगलिक कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल भी सार्वजनिक हो गया है। शादी को लेकर परिवार और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। छह दिनों तक चलने वाले विवाह समारोह में पारंपरिक रस्मों के साथ भव्य आयोजन की तैयारी है।

निमंत्रण पत्र के मुताबिक, 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को शुभ फलदान एवं तिलकोत्सव के साथ विवाह समारोह की शुरुआत होगी। यह कार्यक्रम विधायक के पैतृक गांव नदवां, थाना एवं डाकघर बाढ़, जिला पटना स्थित पैतृक आवास पर आयोजित होगा। फलदान एवं तिलक के लिए दोपहर दो बजे के बाद सुरक्षित वाहनों से दानापुर स्थित ओरिगानो रिसॉर्ट, सगुना-खगौल रोड के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।

इसके बाद 23 नवंबर, सोमवार को हल्दी-कलश, जबकि 24 नवंबर, मंगलवार को मेहंदी एवं संगीत का आयोजन होगा। 25 नवंबर, बुधवार को सुबह 11 बजे शुभ उपनयन संस्कार का कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन शाम सात बजे से बारात स्वागत एवं प्रीतिभोज का आयोजन होगा और रात्रि में शुभ विवाह संपन्न होगा।

विवाह निमंत्रण के अनुसार शिवांगी सिंह का विवाह ऋषिकेश कुमार के साथ होना है। ऋषिकेश कुमार ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा से एमबीए की पढ़ाई की है। वह आशा देवी एवं कमांडेंट रणविजय कुमार के सुपुत्र हैं। उनका परिवार पटना के बिहटा स्थित रानी बाग कॉलेज के समीप कृष्णानगर के विजयाशा निवास में रहता है।

विवाह समारोह के आमंत्रण में श्रीमती नीलम देवी, कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की उपमंत्री एवं 178-मोकामा से बिहार विधानसभा की पूर्व सदस्य तथा वर्तमान विधायक अनंत कुमार सिंह की ओर से सपरिवार वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मोकामा के नदवां गांव से लेकर दानापुर तक होने वाले इन आयोजनों में राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। फिलहाल विवाह का निमंत्रण पत्र सामने आने के बाद से ही मोकामा के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस शादी की चर्चा शुरू हो गई है।

अनूप नारायण सिंह की रिपोर्ट