मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को बड़ी राहत मिली है। गोपालगंज के चर्चित सेमराव वायरल वीडियो मामले में कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी पर लगी रोक को अगली सुनवाई तक जारी रखा है। इस मामले में गुड्डू राय समेत अन्य याचिकाकर्ताओं को भी राहत दी गई है। मामले की अगली सुनवाई अब 8 जून को होगी।
दरअसल बीते 2 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जहां जदयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील भोजपुरी गीतों पर कार्यक्रम होने का दावा किया गया था। जिसके बाद अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत कई लोगों पर मीरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं बढ़ते विवाद और संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी बाद में सीआईडी को सौंप दी गई।
शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से एफएसएल रिपोर्ट पेश की जानी थी, लेकिन रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल नहीं हो सकी। इसी बिंदु को आधार बनाकर बचाव पक्ष ने अदालत में जोरदार पैरवी की। बचाव पक्ष का कहना था कि अब तक ऐसा कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है जो आरोपियों की प्रत्यक्ष भूमिका या संलिप्तता को साबित कर सके।
बचाव पक्ष का कहना है कि मामले की कई धाराएं जमानती प्रवृत्ति की हैं और आर्म्स एक्ट के तहत भी अब तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। अब 8 जून की सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं और तब तक गिरफ्तारी पर रोक जारी रहेगी। एफएसएल रिपोर्ट, सीआईडी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की दिशा तय हो सकती है। फ़िलहाल तो जदयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को बड़ी राहत मिली है।
बता दें कि गोपालगंज के चर्चित सेमराव वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद मीरगंज थाने की साइबर सेल ने 4 मई को ही मामला दर्ज कर लिया था। इस केस में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय सहित कुल 9 लोगों को नामजद किया गया था। वायरल वीडियो में कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील भोजपुरी गीतों पर कार्यक्रम होने का दावा किया गया था।