गंगा पथ पर स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने की योजना बार-बार बदल रही है। अब दीघा गोलंबर पर 500 दुकानें नहीं लगेंगी, बल्कि यहां सौंदर्याकरण होगा और यूटिलिटी सेंटर बनेंगे। यहां कुछ हिस्से में खान-पान के स्टॉल बनेंगे, लेकिन इनकी संख्या कम होगी। वेंडिंग जोन अब दीघा गोलंबर के पास अटल पथ वाले हिस्से में खाली जगह (जहां खटाल का अतिक्रमण है) में बनेगा। यहां फुट ओवरब्रिज (एफओबी) भी बनेगा, ताकि इस वेडिंग जोन तक आवाजाही आसान हो सके। यहां पूर्व मध्य रेल की जमीन भी है। नगर निगम और जिला प्रशासन जल्द ही रेलवे के साथ इस जमीन को लेकर बैठक करेंगे। अतिक्रमण हटाकर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
दीघा गोलंबर के पास रेलवे ब्रिज के किनारे खाली जमीन पर फिलहाल अवैध अतिक्रमण है। इसे हटाकर एरिया को साफ किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। जेपी गंगा पथ पर लग रही दुकानें अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। उन्हें यहां व्यवस्थित तरीके से बसाया जाएगा। गंगा पथ पर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से अक्सर जाम की समस्या रहती थी। पार्किंग बनने से इस समस्या से राहत मिलेगी।
दूसरी ओर मरीन ड्राइव दुकानदार संघ अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। फिलहाल वे गंगा किनारे अस्थायी रूप से दुकान लगा रहे हैं, लेकिन वहां कस्टमर नहीं पहुंच रहे हैं।
पटना नगर निगम की ओर से शहर में करीब तीन दर्जन वेंडिंग जोन बनाए जा रहे हैं। इसका मकसद सड़कों को खाली कर वेंडरों को एक जगह व्यवस्थित करना है।
इनमें से पांच वेंडिंग जोन को अतिक्रमण मुक्त कर जमीन को विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के विभिन्न अंचलों में जरूरत के अनुसार 32 नए वेंडिंग जोन भी बनाए जा रहे हैं।