15 अगस्त को लेकर 102 एंबुलेंस सेवा हाई अलर्ट पर, आपात स्थितियों से निपटने की पूरी तैयारी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और संभावित भीड़ को देखते हुए 102 निःशुल्क एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और संभावित भीड़ को देखते हुए 102 निःशुल्क एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। 15 अगस्त के दौरान किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी या आकस्मिक स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए एंबुलेंस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेन प्लस सर्विसेज द्वारा 102 निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का संचालन किया जा रहा है। 

स्वतंत्रता दिवस के दौरान सभी एंबुलेंस को पूरी तरह कार्यशील रखने के साथ-साथ आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण, दवाएं और अन्य मेडिकल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी आपातकालीन कॉल की सूचना मिलते ही संबंधित एंबुलेंस को तत्काल रवाना कर मरीज को सुरक्षित और समय पर नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। 

पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी, दुर्घटना या अन्य मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में 102 एंबुलेंस सेवा तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी। 

प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने एंबुलेंस चालकों और ईएमटी (Emergency Medical Technician) को अपने निर्धारित क्षेत्रों में मुस्तैद रहने तथा कॉल प्राप्त होते ही त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एंबुलेंस की तकनीकी स्थिति, आवश्यक उपकरणों एवं दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के साथ मरीजों को सुरक्षित और समय पर अस्पताल पहुंचाने पर जोर दिया। 

स्वतंत्रता दिवस के दौरान एंबुलेंस की लोकेशन और संचालन की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को बिना किसी देरी के आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके। 102 एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में मरीजों को त्वरित, सुरक्षित और निर्बाध चिकित्सा सहायता प्रदान करना है।