शिवपाल के बयान के बाद राजभर का पलटवार, अखिलेश को दे डाली नसीहत
उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख सह प्रदेश के काबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख सह प्रदेश के काबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। इसी क्रम में राजभर ने फिर एक बार अखिलेश यादव पर निशाना साधा है और शिवपाल यादव को संभालने की बात कही है।
अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा है कि आप अपने चाचा शिवपाल यादव को संभालिए नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में नहीं आने देंगे। ओपी राजभर ने लिखा है,
मित्र अखिलेश यादव जी!
ज़रा अपने चच्चू को सम्भालिए नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में आने नहीं देंगे। चाचा शिवपाल जी कह रहे हैं कि सपा की सरकार आने के बाद अपने लोगों के मुकदमे वापस ले लेंगे। आज़म ख़ान को गृह मंत्री बना देंगे। ग़ज़ब है महाराज। शिवपाल जी पीडीए यानी 'पीट देगा अहीर’ और ‘पीट देगा अशफ़ाक़' को अपराध करने के लिए बढ़ावा दे रहे हैं। सज़ायाफ्ता आज़म ख़ान को उत्तर प्रदेश का गृह मंत्री बना देने का दावा कर रहे हैं। कैसे बनेंगे ज़रा आप ही बताइए। एक अपराधी चुनाव कैसे लड़ेगा? मंत्री कैसे बनेगा? अखिलेश जी, विभीषण की कहानी पढ़ लीजिए। विभीषण बहुत सीख देने वाला पात्र है। ये भी हो सकता है कि मेरे दफ़्तर में गुंडा भी चाचा ने भिजवाया हो ताकि नाम आपका आ जाये। वो भी जांच में सामने आ ही जाएगा। ख़ैर, उम्मीद है कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और ज़रिया विभीषण ही बनेगा।
जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव!

अपने पोस्ट में राजभर ने सुभासपा के लखनऊ स्थित दफ्तर पर हुए वारदात का भी जिक्र किया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले ही इन दोनों प्रमुख नेताओं के बीच में राजनीतिक वाकयुद्ध लगातार जारी है।











